कानपुर। छठ पर्व पर घाटों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें इसे लेकर शनिवार को सांसद रमेश अवस्थी ने अपने आवास पर सिंचाई विभाग, नगर निगम, दूरसंचार विभाग और केस्को के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। घाटों पर स्थायी विकाय कार्य कराएं।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि घाटों की बार-बार निरीक्षण करने की नौबत नहीं आनी चाहिए। ऐसी स्थायी व्यवस्था करें जिससे हर वर्ष होने वाली समस्याएं उत्पन्न न हों। कहा कि सिंचाई विभाग और नगर निगम संयुक्त रूप से घाटों का सुंदरीकरण और स्थायी विकास करें जिससे पूजा के बाद भी नागरिक वहां जाकर समय व्यतीत कर सकें। सुझाव दिया कि घाटों को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाए जिससे नगर के नागरिकों को स्वच्छ और सुंदर मनोरंजन स्थल उपलब्ध हो सके।
दूरसंचार विभाग के अधिकारियों से कहा कि नहर किनारे बिछी पाइप लाइनें तत्काल हटाई जाएं ताकि घाटों की सुंदरता और सुरक्षा दोनों बनी रहे। बैठक में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार, नगर निगम के मुख्य अभियंता सैयद जैदी, दूरसंचार विभाग के महाप्रबंधक प्रभास यादव और केस्को से उदय प्रकाश माैजूद रहे।