कानपुर। यमुना एक्सप्रेस वे हुए भयानक हादसे के बाद से लापता हुए दादानगर सेवाग्राम कालोनी निवासी कारोबारी अनुज श्रीवास्तव का परिजनों को पता चल गया। उन जले हुए शवों में एक शव अनुज का था। शव के डीएनए का मिलान परिजनों के डीएनए से हुआ तो परिवार में चीखपुकार मच गई। अपने लाल की मौत की हकीकत पता चलते मां लक्ष्मी बदहवास हो गईं। उन्होंने कहाकि मेरा लाल अभी जिंदा है..उन्हें मथुरा-वृंदावन के प्रशासन की बात पर कतई विश्वास नहीं है। आरोप लगाए कि उन लोगों ने कोई मदद नहीं की। अब डीएनए टेस्ट कानपुर में होगा, तभी उन्हें यकीन होगा।
लक्ष्मी श्रीवास्तव दो बेटों बड़े बेटे अनुज व छोटे बेटे शुभम के साथ रहती हैं। अनुज की पत्नी ज्योति, पोती आराध्या, पोता रुद्र साथ में रहता हैं। अनुज इवेंट एंड डेकोरेशन का कारोबार करते हैं। जबकि शुभम मथुरा में चश्मा का काम करते हैं। अनुज लेबर कालोनी निवासी सोनू वर्मा के साथ 15 दिसंबर की रात 9.30बजे विजय नगर चौराहे से शताब्दी की बस पर बैठकर दिल्ली जाने के लिए निकले थे। हालांकि देर रात कई गाड़ियों में आपस में भिडंत होने से दर्दनाक हादसा हो गया था। इस दौरान घायल अवस्था में सोनू ने अनुज के घर पर सूचना दी थी। हालांकि अनुज का कुछ पता नहीं चल पा रहा था। वहां के स्थानीय प्रशासन ने परिजनों का डीएनए सैंपल लिया। सोमवार को डीएनए रिपोर्ट के आधार पर जले हुए एक शव की पहचान अनुज के रूप में होने की जानकारी प्रशासन ने परिजनों को दी।