कानपुर देहात। मैथा तहसील में सोमवार को जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम कपिल सिंह ने शिकायतें सुनीं। कुल 46 शिकायतें दर्ज की गईं। मौके पर चार शिकायतों का निस्तारण हो सका। इस दौरान पूर्व दिवस की शिकायतों की निस्तारण की गुणवत्ता भी जांची गई। डीएम ने एक पक्षीय निस्तारण पर कड़ी नाराजगी जताई। फरियादियों से संवाद करने के निर्देश जांच अधिकारियों को दिए।
जिले की छह तहसीलों में कुल 261 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से मौके पर कुल 16 शिकायतों का निस्तारण हो सका। मैथा में डीएम ने सबसे पहले पिछले संपूर्ण समाधान दिवस की 36 शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। राजस्व विभाग ने संबंधित शिकायत के निस्तारण में फरियादी का पक्ष नहीं मिला। निस्तारण गुणवत्तापूर्ण न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि शिकायतकर्ताओं से संवाद कर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। सीवीओ व संबंधित एसडीएम को गोशालाओं का नियमित निरीक्षण करने व हाईवे पर अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशों को पकड़ कर गोशाला में संरक्षित करने पर जोर दिया।
जल निगम के एक्सईएन टीआर कटारिया अनुपस्थित रहे। सहायक अभियंता ने बताया कि एक्सईएन एमडी की बैठक में गए हैं। स्वीकृति नहीं लिए जाने व मनमानी करने पर उन्होंने शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी हर हाल में चार दिन में शिकायतों का निस्तारण करें। लाभार्थी परक योजनाओं से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक संपूर्ण समाधान दिवस में लाभार्थियों की सूची साथ रखें।
डीएम ने प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जनता दर्शन में शिकायतें सुनने और इन शिकायतों को पंजिका में अंकित कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार गुप्ता को तहसील व ब्लॉकवार उर्वरक स्टॉक आकलन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। एडीएम न्यायिक दिग्विजय सिंह, सीएमओ डॉ. ए.के. सिंह, डीएफओ एके पांडेय, पीडी वीरेंद्र सिंह आदि रहे। अकबरपुर तहसील में एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य व एसडीएम नीलिमा यादव ने शिकायतें सुनीं। यहां 51 शिकायतें दर्ज हुई। किसी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
..............
केस एक :
गुटैहा वीरपुर नकसिया निवासी शिव किशोर ने बताया कि भाई ने बीते 25 जुलाई को उसके हिस्से की जमीन का भी बैनामा करा लिया। शिकायत करते हुए अपने हिस्से की जमीन दिलाने की गुहार लगाई। इस पर डीएम ने तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए गए।
....................
केस दो :
मरहमताबाद निवासी विनोद कुमार ने बताया कि कुछ लोग ग्राम समाज की जमीन पर गोबर व कूड़ा फेंकते हैं। मना करने पर झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। कई बार शिकायत की मगर सुनवाई नहीं हुई। बीडीओ को निर्देश दिए गए।
...............
केस तीन :
मारग मैथा निवासी आबिद अली ने बताया कि एक युवक उसकी दीवार के पास गोबर जमा कर रहा है। इससे दीवार में नमी आ रही है। पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की थी मगर मैथा चौकी प्रभारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। मनमाना निस्तारण कर दिया है। डीएम ने राजस्व व पुलिस को निर्देश दिए गए।
...............
अनुपस्थित पांच अधिकारीयों का रोका वेतन, कारण बताओ नोटिस
रसूलाबाद। संपूर्ण समाधान दिवस में सीएचसी अधीक्षक, ईओ, जेई ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, एडीओ (एजी) एवं एडीओ सहकारिता अनुपस्थित रहे। सीडीओ लक्ष्मी एन ने संबंधित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कृपालपुर निवासी बाबूराम ने बताया कि कृषि भूमि का आवंटन 40 वर्ष पहले हुआ था। कई बार शिकायत की मगर जमीन संक्रमणीय दर्ज नहीं हो सकी है। मैजू समस्तपुर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि ग्राम सचिव के जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनाने की शिकायत दो माह पूर्व की थी। अभी भी जन्म प्रमाण पत्र के लिए भटकना पड़ रहा है। यहां कुल 56 शिकायतें आईं। इनमें तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। (संवाद)
.....................
टीनशेड लगा किया जमीन पर कब्जा
डेरापुर। तहसील सभागार में एसडीएम सुरभि शर्मा ने 46 शिकायतें सुनीं। चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। बनीपारा जिनई निवासी प्रकाश नारायण ने एसडीएम सुरभि शर्मा को बताया कि उसकी जमीन पर एक व्यक्ति ने लोहे के पोल लगाकर टीनशेड लगा कब्जा कर लिया है। रूरा पुलिस से शिकायत की। मगर सुनवाई नहीं हुई। खिरवां के दिव्यांग अंशू बाबू ने प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया था। मगर जांच अटकी है। यहां सीओ राजीव सिरोही, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार द्विवेदी रहे। सिकंदरा तहसील में एडीएम प्रशासन अमित कुमार ने शिकायतें सुनीं। 32 शिकायतों में मौके पर केवल एक शिकायत का निस्तारण हो सका।
..........................
जानकारी के अभाव में संपूर्ण समाधान में पहुंचे 17 फरियादी
पुखरायां। भोगनीपुर तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम देवेंद्र सिंह ने शिकायतें सुनी। जानकारी के अभाव में सिर्फ 17 फरियादी ही आए। जिनमें सिर्फ एक का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुछ समय तक तो अधिकारी बैठे रहे। फिर जब स्थानीय लाेगों को जानकारी हुई तब शिकायत लेकर पहुंचना शुरू हुए। फरियादी अहरियामऊ के शशिकांत की पत्नी पूजा देवी ने बताया कि पति मार्ग दुर्घटना में घायल होने के कारण मजदूरी नहीं कर पा रहे हैं। मकान नहीं होने के कारण किराये पर रहना पड़ रहा है। आवास दिलाए जाने की फरियाद की। चकचालपुर के अमित कुमार की पत्नी अनुपम देवी ने बताया कि गांव के सामुदायिक शौचालय में केयर टेकर के पद पर तैनात थी। जनवरी 2022 से 2023 तक टैंक फुल हो जाने की सूचना प्रधान व सचिव को दी लेकिन उसका निस्तारण नहीं कराया गया और मानदेय भी नहीं मिला। एसडीएम ने संबंधित को निस्तारण के निर्देश दिए।यहां तहसीलदार प्रिया सिंह, सीओ संजय कुमार आदि मौजूद रहे।