कन्नौज जिले में घर जा रहे बाइक सवार डीजे संचालक को मंडी समिति के सामने जीटी रोड पर रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक हेलमेट नहीं लगाए था। आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ शव रोड पर रखकर जाम लगा दिया।
और हंगामा करने लगे। ऐसे में कई थानों का फोर्स बुला लिया गया। परिजन रोडवेज चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सदर कोतवाली के गांव सलेमपुर निवासी श्यामू (24) पुत्र छोटेलाल की जीटी रोड पर पूर्वी ओवरब्रिज के पास डीजे की दुकान है।
बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह बाइक से सरायमीरा बस स्टॉप से घर जा रहे थे। मंडी समिति के पूर्वी गेट के सामने कानपुर की ओर से आ रही मिर्जापुर डिपो की रोडवेज बस ने श्यामू को टक्कर मार दी। बाइक बस में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। रोडवेज चालक, परिचालक बस छोड़कर भाग निकले।
पुलिस ने जीटी रोड से वाहनों को डायवर्ट कर बाईपास से निकाला। करीब साढ़े तीन घंटे जीटी रोड जाम रहा। गुस्साए लोगों ने पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। आसपास की दुकानों के बाहर रखे पुराने टायरों में आग लगा दी। इससे रेल लाइन के बगल में झाड़ियों में आग लग गई। आग से किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है।