कानपुर। दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करने के लिए दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, केंद्र सरकार की ओर से गोवा में नौ अक्तूबर से चार दिवसीय पर्पल फेस्ट का आयोजन होगा। फेस्ट में करीब 45 देशों के अपने-अपने क्षेत्र के महारथी दिव्यांग हिस्सा लेंगे।
शहर से कल्याणपुर निवासी पैरों से विकलांग सुनील मंगल इस फेस्ट में शामिल होंगे। खास बात यह है कि वह गोवा तक का करीब 1900 किलोमीटर लंबा सफर खुद कार चलाकर तय करेंगे। फेस्ट में शामिल दिव्यांगों को आवाजाही में भी वह मदद करेंगे। करीब 33 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर का बीमा व्यवसाय करने वाले सुनील मंगल को वर्ष 1999 में प्रदेश का पहला दिव्यांग कार लाइसेंस मिला था। हाथों से गियर, क्लच, ब्रेक वाली मोडिफाइड कार के जरिए इन्होंने अब तक करीब 3,50,000 किलोमीटर से ज्यादा का सफर किया है।
वह 4000 से ज्यादा दिव्यांगजनों को व्यावसायिक कौशल विकास के माध्यम से आत्म निर्भर बना रहे हैं। वह कहते हैं कि जो घर से निकले रास्ते उन्हीं को मिलते हैं। दिव्यांगता आपके सपनों को कभी हरा नहीं सकती। इसी संदेश को दुनिया भर के कई देशों से आए दिव्यांगों तक पहुंचाने के लिए वह चार अक्तूबर को गोवा रवाना होंगे। डीएम हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।