कानपुर। कानपुर मंडलीय पावरलिफ्टिंग, ओपन बेंच प्रेस और फिटनेस चैंपियनशिप का आयोजन 25 और 26 जुलाई को सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म इंटर कॉलेज में किया जाएगा। इसमें मंडल के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव सौरभ गौर ने बताया कि प्रतियोगिता में सब-जूनियर, यूथ, जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्ग के खिलाड़ी अपनी ताकत और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। पहली बार प्रतियोगिता में फिटनेस चैंपियनशिप को शामिल किया गया है। इसके तहत स्क्वाट और प्लैंक स्पर्धाओं का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न आयु व भार वर्ग के खिलाड़ी अपनी फिटनेस और सहनशक्ति का प्रदर्शन करेंगे। प्रतिभागियों का पंजीकरण और वजन (वेट-इन) 24 जुलाई को शाम चार बजे से सात बजे तक प्रतियोगिता स्थल पर होगा। खिलाड़ियों को पंजीकरण के समय मूल प्रमाणपत्र समेत फोटो लानी होगी। प्रतियोगिता के प्रत्येक भार वर्ग के विजेता खिलाड़ियों का चयन सात से नौ अगस्त तक बरेली में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर पदक, प्रमाण-पत्र और आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरुष वर्ग के नौ और महिला वर्ग के आठ भार वर्ग शामिल किए गए हैं। पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए 9336658975, 8400471836, 9580114100, 9389882076 व 8546061104 पर संपर्क किया जा सकता है।