पुखरायां। मलासा ब्लॉक के डीघ और गुढ़ा गांव में सौर ऊर्जा से सीधे मोटर संचालित कर पानी की सप्लाई दी जाती है। पिछले तीन दिनों से दिन में बदली छाए रहने के कारण पूरी क्षमता से बैटरी चार्ज नहीं हो पा रही हैं। इस कारण से सप्लाई प्रभावित है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर पीने का पानी मुहैया कराए जाने की फरियाद की है।
जल निगम ने हर घर नल से जल के लिए पाइप लाइन डालकर कनेक्शन तो दे दिए गए लेकिन अभी तक टंकी का निर्माण नहीं कराया जा सका है। निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने सीधे नलकूप से पाइप लाइन जोड़कर सप्लाई चालू करा दी। गुढ़ा निवासी रामकुमार, ब्रह्मप्रकाश, सुनील कुमार, जयप्रकाश, श्रीराम और डीघ निवासी देवेंद्र सिंह, राजपाल पाल, बब्लू सोनकर ने बताया कि नलकूप से सप्लाई तो चालू कर दी गई है लेकिन टंकी का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है। जब धूप निकलती है तब सौर ऊर्जा से नलकूप चलने पर पानी मुहैया होता है।
तीन दिनों से बादल रहने के कारण पीने के पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। गांवों में लगे हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। हर घर नल जल पहुंचाए जाने की योजना के कारण हैंडपंप भी नहीं लगवाए जा रहे हैं। नलकूप संचालित कराए जाने का दूसरा विकल्प भी नहीं है। गांव में जिनके यहां सबमर्सिबल लगी हैं वह ही आसरा बने हैं। नलकूप संचालन के लिए सौर ऊर्जा के साथ विद्युत या डीजल इंजन का विकल्प होना चाहिए। जिसकी मांग करते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर पानी मुहैया कराए जाने की फरियाद की है।
....................
बयान...
जिन गांवों में अभी निर्माण कार्य चल रहा है उन गांवों में निर्माण कंपनी की ओर से कही बिजली तो कही सौर ऊर्जा से पानी की सप्लाई दी जा रही है। हैंडओवर होने के बाद दूसरा विकल्प भी होगा। पुराने हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य कराना ग्रामपंचायत की जिम्मेदारी है। - रामचंद्र शुक्ल, एई जल निगम