कानपुर देहात। जिला कारागार माती का शुक्रवार को जिला न्यायाधीश ने जिलाधिकारी, एसपी व अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारागार में बंदियों के लिए व्यवस्था आदि की बारीकी से जांच कर जेल प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए हैं।
जिला जज रविंद्र सिंह, जिलाधिकारी कपिल सिंह, एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, सीएमओ डॉ. एके सिंह शुक्रवार को जिला कारागार पहुंचे। यहां अधिकारियों ने बंदी गृह, बैरक, भोजनालय तथा अन्य महत्वपूर्ण इकाइयाें की बारीकी से जांच की। इस दौरान बंदियों की सुरक्षा, रहन-सहन की स्थिति, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता व समग्र प्रबंधन व्यवस्था को भी परखा। साथ ही कारागार में तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी, निगरानी प्रणाली व अन्य सुविधाओं को भी देखा। इसके बाद अधिकारियों ने कारागार का अधिक पारदर्शी, सुरक्षित व मानवीय मानकों के अनुरूप संचालन को लेकर जेल अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान जेल अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।