कानपुर में गंगा कटरी के देवनीपुरवा में चुनावी रंजिश में सोमवार शाम को हिस्ट्रीशीटर रामदास के गुर्गों ने दंपति समेत तीन लोगों की पिटाई कर दी। कुल्हाड़ी से हमले में एक शख्स के सिर पर गंभीर चोट आई है। वहीं एक का हाथ टूट गया। गंभीर घायल का उर्सला में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इसके पहले इन गुर्गों ने दोपहर में भी एक अन्य पक्ष से मारपीट की थी। इसमें दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। लुधवाखेड़ा से रवि की मां ग्राम प्रधान हैं। इस बार भी चुनाव लड़ रही हैं। यहीं से रामदास का कारखास जितेंद्र भी चुनाव लड़ रहा है।
होली के दिन दोपहर तकरीबन साढ़े बारह बजे देवनीपुरवा में रवि के समर्थक अरविंद, राम स्वरूप, सुरेश, सतीश, राजेश, वीरेंद्र का जितेंद्र, अंकित, दीनानाथ व अन्य साथियों के साथ झगड़ा हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक चुनावी रंजिश में विवाद हुआ।
मामले में रवि व उसके समर्थकों पर बलवा, मारपीट, समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया, जबकि दूसरे पक्ष पर केवल मारपीट, गालीगलौज और धमकी देने की धारा में मुकदमा लिखा। इसके कुछ ही घंटे बाद शाम करीब पांच बजे रवि के रिश्तेदार (दूर के चाचा) राजेंद्र, किशोर, उसकी पत्नी व बेटे विशाल पर आरोपियों ने हमला कर दिया। कुल्हाड़ी से राजेंद्र मरणासन्न हो गया।