डेरापुर। कस्बा के वार्ड नंबर तीन श्याम नगर में बिजली के कनेक्शन काटने को लेकर सफाई कर्मियों व विद्युत कर्मियों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे पर बदसलूकी के आरोप लगाकर तहरीर दी। इसके बाद सफाई कर्मी विद्युत उपकेंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सफाई कर्मी वापस लौट गए।
श्याम नगर निवासी मंजू पत्नी दिवंगत संतोष ने आरोप लगाया कि संविदा लाइनमैन व अन्य बिजलीकर्मी बिना अनुमति उनके घर में घुस आए और ताक-झांक करने लगे। विरोध करने पर अभद्रता की, बिजली का तार काट दिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। वहीं, संविदा लाइनमैन आशु वर्मा, सिद्धार्थ गौतम और अजय भारती का आरोप है कि वे विभागीय टीम के साथ बकाया बिल की वसूली और कनेक्शन काटने गए थे। इस दौरान मंजू समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज की और मारपीट का प्रयास किया। कर्मचारियों ने डायल 112 पुलिस की मौजूदगी में भी बदसलूकी करने और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
इसके बाद एसडीओ विवेक पांडेय और जेई अवधेश कुमार के साथ विद्युत कर्मी थाने पहुंचे और तहरीर दी। दूसरी ओर, नगर पंचायत में सफाईकर्मी मंजू के समर्थन में अन्य सफाईकर्मी भी थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के लोगों की भीड़ जुटने पर थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने नाराजगी जताई। इसके बाद सफाईकर्मी विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और विद्युत कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले प्रदर्शनकारी वहां से चले गए। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस टीम को मामले की जांच के लिए भेजा गया है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।