कानपुर। मानसूनी बारिश के साथ बरसाती बीमारियां बढ़ रही हैं। हैलट और दूसरे अस्पतालों में उल्टी दस्त, आंतों में संक्रमण, वायरल और बैक्टीरियल डायरिया, बदहजमी के साथ हेपेटाइटिस ए और ई के रोगी भी बढ़ रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि पानी उबाल कर पीएं। साथ ही खानपान में एहतियात बरतें।
हैलट के मेडिसिन विभाग की ओपीडी में सबसे अधिक पेट रोगों के रोगी आए। डॉ. रंजीत कुमार निम ने बताया कि बरसाती बीमारियों के रोगी आ रहे हैं। इनमें फ्लू, मलेरिया के लक्षण वाले रोगी भी रहे। इसके अलावा उल्टी, दस्त, डायरिया के रोगी आ रहे हैं। दो ओपीडी में करीब 350 रोगी देखे गए। गैस्ट्रोइंटोलॉजी विभाग में हेपेटाइटिस ए और ई के रोगी आ रहे हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार ने बताया कि संक्रमित पानी से हेपेटाइटिस ए और ई का संक्रमण होता है। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. बीपी प्रियदर्शी ने बताया कि मलेरिया के रोगी आने लगे हैं। इसके अलावा टाइफाइड के रोगी भी बढ़ रहे हैं।
यह एहतियात बरतें
-साफ पानी पीएं, नहीं तो पानी उबाल कर पीएं
-बाहर के कटे-फटे फल, खुले बिक रहे खाद्य पदार्थ न खाएं
-घर में ताजा खाना बनाकर खाएं, बासी खाना न खाएं
-सादा और पौष्टिक भोजन करें, गरिष्ठ भोजन न करें
-सुबह भरपेट खाना खाएं, रात को हल्का खाना लें
-घर के अंदर और बाहर सफाई रखें, पानी भरा न रहने दें
-बुखार आए तो तुरंत मलेरिया, डेंगू की जांच करा लें