राजपुर (कानपुर देहात)। छुट्टा गोवंश खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे परेशान किसानों ने सोमवार को राजपुर थाने के सामने बीआरसी परिसर में गोवंशों को बंद कर ताला लगा दिया।
इस दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नगर पंचायत कर्मियों के सहयोग से बीआरसी में बंद गोवंशों को बाहर निकाल जंगल की ओर छुड़वा दिया। वहीं, पुलिस ने एक किसान पर शांति भंग की कार्रवाई भी की।
राजपुर कस्बे के रामस्वरूप, जगमोहन, वीरेंद्र शर्मा, विवेक कटियार, मयंक पोरवाल, नफीस अहमद, खलील अहमद ने बताया कि गोवंश फसल नष्ट कर रहे हैं। इस वजह से इतनी ठंड होने के बावजूद सभी किसान खेत में रात गुजार रहे हैं।
लगभग सभी लोग बीमार पड़ चुके हैं। किसानों ने बताया कि कई बार अधिकारियों से मांग की गई है कि छुट्टा गोवंशों को पकड़ कर गोशाला भेजा जाए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर करीब 80 गोवंश बीआरसी परिसर में बंद कर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना पर सट्टी थानाध्यक्ष कपिल दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे किसानों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन किसान गोशाला ले जाने की मांग पर आड़े रहें।
सट्टी थानाध्यक्ष ने राजपुर के एक किसान हरिहर सिंह को हिरासत में लेकर गोवंशो को बीआरसी से बाहर निकाल जंगल की ओर छुड़वा दिया। पुलिस की सख्ती देख किसान मौके से चले गये।
थानाध्यक्ष कपिल दुबे ने बताया कि किसानों को किसी ने सूचना दी कि गोवंश पकड़ने के लिए गाड़ी आ रही है। इस पर किसानों ने बीआरसी में गोवंश बंद कर दिए। सूचना एसडीएम को दी गई। इसके बाद सभी गोवंश जंगल की तरफ छोड़ दिए गए। उन्होंने बताया कि किसान हरिहर सिंह पर शांति भंग की कार्रवाई की गई है।