शहर से मुंबई को जोड़ने वाली 15 कोचों की नई साप्ताहिक ट्रेन कानपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (संख्या 22443/22444 ) को सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने बुधवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पहले दिन यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 5:15 बजे की बजाय 12 मिनट देरी से 5:27 बजे रवाना हो सकी। वापसी में बांद्रा से यह ट्रेन गुरुवार को चलकर शुक्रवार को कानपुर पहुंचेगी। सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन के शुभारंभ के लिए मंच बनाया गया था।
मंच पर भाजपाइयों का कब्जा रहा। मंच पर सांसद डॉ. जोशी, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, सांसद अंजू बाला गुप्ता, विधायक सलिल विश्नोई, सत्यदेव पचौरी, रघुनंदन भदौरिया, एमएलसी अरुण पाठक, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी के अलावा इलाहाबाद मंडल के डीआरएम वीके त्रिपाठी मौजूद रहे।
डॉ. जोशी ने कहा कि जल्द ही इस ट्रेन के फेरे बढ़ाए जाएंगे। इस बीच उन्होंने विधायक रघुनंदन भदौरिया की चुटकी लेते हुए कहा कि आप छोटे नहीं मोटे विधायक हैं, क्योंकि छोटे विधायक का दर्जा अरुण पाठक ने ले लिया है।