कानपुर। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में डायमंड क्लब, ओलंपिक रजिस्टर्ड, कानपुर स्पोर्टिंग यूनियन और सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मैच में डायमंड क्लब ने तरुण क्लब को 128 रन से, जबकि दूसरे मैच में ओलंपिक रजिस्टर्ड ने खांडेकर क्रिकेट एकेडमी को 27 रन से हराया। तीसरे मैच में कानपुर स्पोर्टिंग यूनियन ने कैंट लायंस को चार विकेट से और चौथे मैच में सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एकेडमी ने नेशनल यूथ को आठ विकेट से हराया।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर हुए मैच में डायमंड क्लब ने 40 ओवर में पांच विकेट पर 299 रन बनाए। टीम से आदर्श सिंह ने 119, आदर्श तिवारी ने 52, अंशुमन शुक्ला ने 44 और विभव कुशवाहा ने 43 रन बनाए। गेंदबाजी में शिवम जोशी ने दो विकेट लिए। वहीं, तरुण क्लब की टीम 35.2 ओवर में 171 रन पर सिमट गई। टीम से विदित जोशी ने 69 और अभिषेक ने 50 रन बनाए। गेंदबाजी में हर्ष शर्मा ने चार और आदित्य प्रजापति ने तीन विकेट लिए। किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर हुए मैच में ओलंपिक रजिस्टर्ड ने 40 ओवर में 209 रन बनाए। टीम से आशीष चतुर्वेदी और यश अरोरा ने 47-47, शिवेंद्र श्रीवास्तव ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में राहुल, मुकुल और हिमांशु ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं, खांडेकर क्रिकेट एकेडमी की टीम 31.2 ओवर में 182 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम से ब्रजेंद्र सिंह ने 82 रन बनाए। गेंदबाजी में आदित्य दीक्षित ने छह विकेट झटके।
जाजमऊ स्थित जेम्स मैदान पर हुए मैच में कैंट लायंस की टीम 25.5 ओवर में 142 रन पर सिमट गई। टीम से रंजीत यादव ने 32 रन बनाए। गेंदबाजी में अखिलेश सिंह और दीपक पाल ने तीन-तीन, हर्षित गौतम और अंश कौल ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं कानपुर स्पोर्टिंग यूनियन ने 21.4 ओवर में छह विकेट पर 145 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम से हार्दिक मिश्रा ने 42 और सत्यम सिंह ने 24 रन बनाए। जाजमऊ स्थित एवरेस्ट मैदान पर हुए मैच में नेशनल यूथ ने 40 ओवर में 184 रन बनाए। टीम से दिव्यांशु पांडेय ने 98 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में विकास प्रजापति ने तीन और प्रांजुल ने दो विकेट लिए। वहीं, सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एकेडमी ने 29.4 ओवर में दो विकेट पर 186 रन बनाकर आसान जीत हासिल की। वंश निगम ने नाबाद 94 और आदित्य सिंह ने 54 रन बनाए।