बांदा जिले में आयकर विभाग की टीम के दो दिन के छापे और छानबीन में यह भी पता चला है कि मुख्यालय के प्रमुख सराफा व्यवसायी के प्रतिष्ठानों में टैक्स चोरी का खेल चल रहा था। सोने-चांदी से लेकर डायमंड (हीरा) तक का कारोबार करने वाले व्यापारी मात्र 15 से 18 लाख रुपये सालाना बिक्री दिखाकर उसका टैक्स अदा कर रहे थे, जबकि टीम को दुकानों में मिला स्टॉक इससे कहीं ज्यादा है।
एक दुकान में 15 कैरेट का हीरा भी मिला है। साथ ही सभी फर्मो में 11.2 किलो सोना और 132 किलो चांदी पाई गई। आयकर विभाग के कानपुर निदेशालय में अब वास्तविक टैक्स और दुकानों में मिले जेवरात का मूल्याकंन/वैल्यूवेशन किया जा रहा है।
मथुरा से आए सराफा व्यवसायी केे शहर के एक होटल में भारी मात्रा में सोने के साथ पकड़े जाने के बाद आयकर विभाग के निशाने पर आए शहर के प्रमुख सराफा व्यवसायी के बांदा शहर स्थित सात प्रतिष्ठानों में 2 व 3 नवंबर को कानपुर से आई आयकर विभाग की दो टीमों ने एक साथ छापा मारकर लगातार 33 घंटे छानबीन की।
भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक जांच टीमों ने गाेंदीलाल सराफ से संबंधित प्रतिष्ठानों में फौरी तौर पर लगभग 7 करोड़ रुपये आयकर की चोरी पकड़ी है। रामलीला रोड स्थित फर्म में 15 कैरेट का हीरा भी टीम को मिला।