प्रदेश सरकार ने डायल 100 का नाम बदलकर यूपी 100 कर दिया है। इस कारण इसकी लॉन्चिंग भी टल गई है। 20 अक्तूबर को होने वाली लॉन्चिंग अब नवंबर के पहले सप्ताह में हो सकती है।
पुलिसिंग को और बेहतर करने के लिए प्रदेश सरकार अपनी महत्वाकांक्षी योजना डायल 100 को सेंट्रलाइज्ड कर रिलॉन्चिंग की तैयारी में है। एक्शन जल्द हो, इसलिए इसका कंट्रोल रूम लखनऊ में बनाया जाएगा। चूंकि यह सेवा पूरे प्रदेश में होगी, इसलिए इसका नाम बदलकर अब यूपी 100 किया गया है। इसके चलते 700 इनोवा, 2500 बोलेरो और 1600 दोपहिया वाहनों पर डायल 100 की जगह यूपी 100 लिखा जा रहा है। इनमें 57 वाहन शहर पुलिस को मिलने हैं।
यूपी 100 के वाहनों के लिए पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग जारी है। हर वाहन पर एक हेडकांस्टेबल, एक कांस्टेबल और एक ड्राइवर (कांस्टेबल) तैनात रहेगा। पुलिसकर्मियों को तकनीक और व्यवहार बेहतर करने की ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके अलावा एमबीटी (मोबाइल डाटा टर्मिनल) डिवाइस से वीडियो बनाने और उसे कंट्रोल रूम भेजने की भी ट्रेनिंग दी जा रही है।