साइको सैंया, दिलबर दिलबर और वास्ते जैसे सुपरहिट गानों के साथ सबसे कम उम्र में यूट्यूब पर एक अरब व्यूज बटोरने वाली हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की बिलिनेयर रॉकस्टार ध्वनि भानुशाली आज अपने सुरों का जादू बिखेरेंगी। ध्वनि यहां लाजपत भवन में लाइव कंसर्ट करेंगी।
इस कंसर्ट का एलान होने के बाद से ही उनके प्रशंसकों में इस शो के लिए काफी उत्सुकता है। मशहूर गायक अरमान मलिक का शो आयोजित करने के बाद अमर उजाला अगले क्रम में अपने पाठकों के लिए उभरती गायिका ध्वनि भानुशाली को कानपुर ला रहा है।
ध्वनि ने इस साल आइफा रॉक्स में हुई परफॉर्मेंस से पूरी फिल्म इंडस्ट्री को दीवाना बना रखा है। अब बारी कानपुर की है। कानपुर में 18 अक्तूबर को आयोजित होने वाला ध्वनि का लाइव कंसर्ट शाम सात बजे से शुरू होगा। प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगा।
कंसर्ट में ध्वनि अपने म्यूजिकल बैंड के साथ आ रही हैं। इसमें वह अपने सुपरहिट गानों के साथ दर्शकों की फरमाइश पर भी कुछ गाने पेश करेंगी। कानपुर के दर्शकों के लिए ध्वनि ने खास गाने तैयार किए हैं। वह कहती हैं कि कानपुर उत्तर भारत की धड़कनों की गवाही देने वाला शहर है। इस शहर ने कई बड़े कलाकार हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को दिए हैं। गंगा के तट पर बसे इस शहर में अपने कंसर्ट को लेकर मैं काफी उत्सुक हूं।