कन्नौज में किन्नर का वेष धरे युवक को महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप लगाकर भीड़ ने पीट दिया और क्षेत्र में निवस्त्र कर घुमाया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू की है।
बुधवार की शाम हिमालीपुरा में रहने वाला एक कथित किन्नर कांशीराम कालोनी पुरानी पुलिस लाइन की ओर गया था। आरोप है कि रास्ते में वह महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगा। इस पर भीड़ ने उसे किन्नर होने का आरोप लगाकर पीटना शुरू कर दिया।
इस दौरान मौके पर कुछ किन्नर समाज के लोग भी पहुंच गए, उन्होंने भी उससे मारपीट की। इसके बाद उसे निर्वस्त्र कर गलियों में घुमाया। पीड़ित कथित किन्नर ने सदर कोतवाली में शिकायत की। जिसे कोतवाली पुलिस ने गंभीरता से लिया।
सदर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि एक युवक किन्नरों की तरह तैयार होकर घूमता है। ऐसा वह पैसा कमाने के लिए करता है। उसकी कुछ लोगों ने पिटाई कर दी और निर्वस्त्र कर घुमाया। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।