कंपनी गार्डन में टहलने के रुपये वसूलने पर डीएचओ का किया घेराव करते लोग।
- फोटो : कंपनी गार्डन में टहलने के रुपये वसूलने पर डीएचओ का किया घेराव करते लोग।
इटावा। कंपनी गार्डन में टहलने के लिए रखी गई पांच रुपये की फीस का लोगों ने विरोध किया। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने डीएचओ का घेराव किया। इस वसूली को गलत ठहराते हुए इसे खत्म करने की मांग की।
शहर के कंपनी गार्डन में प्रतिदिन स्वच्छ हवा में बड़ी संख्या में लोग टहलने आते हैं। यहां एक जनवरी से प्रवेश के लिए पांच रुपये की फीस रख दी गई। साथ ही बाइक स्टैंड से भी 10-10 रुपये वसूले जा रहे हैं। इस फीस के रखे जाने से प्रतिदिन टहलने जाने वाले लोगों में रोष फैल रहा था। शनिवार को इसका विरोध होने लगा। हंगामे की जानकारी पर सुबह छह बजे ही जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों ने बात की।
लोगों का विरोध देखे हुए जिला उद्यान अधिकारी ने शासन में बात रखने तक सुबह नौ बजे तक निःशुल्क प्रवेश करने का आश्वासन दिया। इस पर सभी शांत हुए। विरोध करने वालों में संजीव कुमार यादव, सचिन गुप्ता, व्यापार सभा अध्यक्ष राजीव चंदेल आदि शामिल रहे। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि विभाग की आय बढ़ाने के लिए यह फीस रखी गई थी। विरोध के बाद फिलहाल नौ बजे तक के लिए प्रवेश मुफ्त किया है। पूरे समय के लिए फ्री करने को शासन को पत्र लिखा जाएगा।
गंगा बिहार कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त चंद्रशेखर यादव ने बताया कि मैं सेवानिवृत्त होने के बाद से प्रतिदिन सालों से इस पार्क में घूमने आते रहे हैं, कभी कोई शुल्क नहीं लगा।
पुरबिया टोला निवासी राजकुमार पटेल ने बताया कि प्रतिदिन हजारों लोग इस पार्क में घूमने आते हैं। इस तरह शुल्क वसूलना पूरी तरह से गलत है।