कानपुर। धनतेरस को आमतौर पर सोना-चांदी खरीदने का पर्व माना जाता है, लेकिन इसका मूल उद्देश्य आरोग्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना है। वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य डॉ. रमेश चिंतक के अनुसार, धनतेरस का वास्तविक नाम धन्वंतरि-त्रयोदशी है। इस दिन सोने के बजाय हेल्थ इंश्योरेंस, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और अच्छी किताबें जैसी स्वास्थ्यवर्धक वस्तुएं खरीदना वर्तमान समय में भगवान धन्वंतरि के प्रति सच्ची श्रद्धा है।
डॉ. चिंतक ने बताया कि इस दिन झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। इसे लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। पीतल या तांबे के बर्तन, साबुत धनिया, हल्दी और दालचीनी जैसी वस्तुएं भी खरीदनी चाहिए। समुद्र मंथन की कथा के अनुसार, देवताओं और दानवों के थकने पर भगवान धन्वंतरि अमृत कलश और आयुर्वेद ग्रंथ लेकर प्रकट हुए थे। उन्हें स्वास्थ्य का देवता माना जाता है।
इस दिन भगवान धन्वंतरि का पूजन कर अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करनी चाहिए। लक्ष्मी और कुबेर की मिट्टी की मूर्तियां लाने के साथ शाम को घर के बाहर दक्षिण दिशा में यम के नाम का दीपक जलाना चाहिए। इसे यम दीपदान कहते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इससे अकाल मृत्यु से रक्षा होती है।
शास्त्रों की मूल भावना समझना जरूरी
डॉ. चिंतक ने कहा कि शास्त्र सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी की सीख देते हैं। एक ग्राम सोने का सिक्का भी दस तोले के हार जितना शुभ है। फिजूलखर्ची, कर्ज और ईएमआई से बचना चाहिए। यह पर्व कर्ज और रोग से मुक्ति की कामना से जुड़ा है। प्रतियोगिता और दिखावे के बजाय शास्त्रीय मान्यताओं और मर्यादाओं को अपनाने से धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक चिंतन परंपरा संरक्षित रहेगी।