गोविंदनगर फर्नीचर मार्केट में फिर फुटपाथ पर हो गया कब्जा।
- फोटो : amarujala
कानपुर। डीजीपी के स्पष्ट आदेश का भी मातहतों पर कोई असर नहीं है। डीजीपी बार-बार अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस को जिम्मेदार बता रहे हैं लेकिन पुलिस नहीं सुन रही। करीब 10 दिन पहले पुलिस ने जिन इलाकों में अतिक्रमण अभियान चलाया था, वहां हालात जस के तस हो गए हैं। सड़कें ठेलों और खोमचों से पटी हैं। फुटपाथों पर स्थायी दुकानदारों ने अपना सामान फैला रखा है। इसकी वजह से सड़कों पर फिर से जाम नजर आने लगा है। न किसी दुकानदार केखिलाफ अब तक एफआईआर हुई और न ही किसी थानेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई। इससे डीजीपी का अभियान बेअसर साबित होने लगा है।
फुटपाथ पर कब्जा
फर्नीचर मार्केट और नंदलाल चौराहे से सीटीआई तक अभियान चला था। फर्नीचर मार्केट अब फिर पहले की ही तरह सजी हुई है। नंदलाल चौराहे से सीटीआई रोड पर भी दोनों ओर स्थायी दुकानदारों ने फुटपाथ घेर रखा हैं। दोनों जगहों पर अतिक्रमण से अक्सर जाम भी लगता है।
थाने तक पहुंचे
रामादेवी चौराहे पर हटाए गए ठेले, खोमचे और फुटपाथों पर सजी दुकानें, अब तो थाने के सामने तक पहुंच गईं। रही सही कसर ऑटो और टेंपो की भीड़ ने पूरी कर रखी है। इससे भी रामादेवी चौराहे पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।