सावन के पहले सोमवार को परमट स्थित बाबा आनंदेश्वर मंदिर में भक्तों लगी लाइन आैर पूजा करते भक्त।
- फोटो : amarujala
कानपुर। सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। परमट, वनखंडेश्वर, जागेश्वर, सिद्धनाथ, कोतवालेश्वर समेत शहर के अन्य शिवालयों में सुबह से ही भोले बाबा के दर्शन करने का सिलसिला शुरू हुआ। किसी भक्त ने जल से अभिषेक किया तो किसी ने दूध से।
इस दौरान बम-बम भोले, बाबा बड़े दयालु है, बाबा कृपा करो आदि उद्घोष भी हुए। परमट मंदिर में जिला प्रशासन ने रात 1:30 बजे मंगला आरती कराने के बाद दो बजे भक्तों के दर्शन के लिए पट खोल दिए। भक्तों की लंबी लाइन परमट चौकी के पास तक पहुंच गई और भोर होते-होते ग्रीनपार्क तिराहे तक लाइन थी। बावजूद इसके भक्तों को तेजी से दर्शन हो रहे थे।
दोपहर में थोड़ी देर के लिए भीड़ कम हुई पर इसके बाद देर रात तक लाइन लगी रही। वहीं सावन के पहले सोमवार पर आनंदेश्वर बाबा के ऑनलाइन (लाइव) दर्शन नहीं होने से हजारों भक्तों के हाथ निराशा लगी। मंदिर की भीड़ से बचकर नेट पर बाबा के दर्शन करने वालों को न ही एप मिला न ही वेबसाइट खुली। कारण तकनीकी खामी बताया गया।