रामनारायण के दरवाजे पर लगा फोर्स, गमगीन परिजन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फतेहपुर जिले में नई बस्ती के रामनारायण यादव हत्याकांड में पीड़ित परिवार को सीएम की ओर से घोषित बीस लाख रुपये की आर्थिक मदद छह दिन बाद भी नहीं मिल सकी। परिवार के सदस्यों को प्रशासन ने तीन दिन में मदद का भरोसा दिया था।
नई बस्ती में जमीन में कब्जा लेने पहुंचे भूमाफिया की गोली से एक अप्रैल को रामनारायण यादव की जान चली गई थी। मामले में मुख्यमंत्री की ओर से बीस लाख रुपये की मदद की घोषणा की गई थी। मृतक के भाई राम सिंह ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने मदद तीन दिन में पहुंचा देने की बात कही थी। छह दिन बीत चुके हैं। उन्हें कोई मदद नहीं मिली।
राम सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, यादव महासभा के नेता मिले थे, लेकिन परिवार की मदद को कोई आगे नहीं आया। दूसरी ओर एडीएम जेपी गुप्ता का कहना है कि तीन दिन पहले मृतक की पत्नी के खाते की डिटेल और रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। जल्द ही खाते में रकम पहुंच जाएगी।
करंट से रामनारायण की पत्नी बेहोश
रामनारायण यादव की मौत के बाद घर परिवार को संभालने का बोझ पत्नी भुल्ली देवी पर है। वह सुबह टुल्लू पंप से पानी लगा रही थी, तभी करंट का झटका लगने से बेहोश हो गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी हैरान रह गए। प्राथमिक इलाज के बाद होश में आई।