प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा बुधवार को कानपुर देहात के पुखरायां कस्बे के बैलाही मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होने हिंदू-मुस्लिम एकता को लेकर बड़ा बयान दिया।
दिनेश शर्मा ने कहा कि अब सरकार हिंदू-मुस्लिम के बीच दूरियां खत्म करेगी। पहले कुछ लोग कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता। जब मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य पहुंचे तो अयोध्या में त्रेता युग की तरह दिवाली मनाई गई।
वह बुधवार को कस्बे के बैलाही मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश के समन्वय से ही विकास होगा। नगर और गांव स्तर पर अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाएंगे तो केंद्र व प्रदेश सरकारों की ओर से दिए जाने वाले धन का दुरुपयोग नहीं होगा।
प्रधानमंत्री का सपना है कि किसान की आमदनी दोगुनी हो, हर बीमार का अच्छा इलाज हो, भारत स्वच्छ हो, नगरों में बेघरों को मकान मिले और नगरपालिका स्मार्ट सिटी बने। भाजपा ने निकाय चुनावों में संकल्पपत्र जारी किया गया है। उन्होंने नगर पालिका पुखरायां से सत्यप्रकाश संखवार और नगर पंचायत अमौराधा से फूलकली संखवार के पक्ष में अपील की।