कानपुर विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को ‘प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-सबके लिए आवास’ के लिए शुक्रवार को डिमांड सर्वे के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की। आवेदन 26 मार्च तक पांच हजार रुपये आवेदन शुल्क सहित किए जा सकते हैं। आवेदन के लिए आवेदक प्राधिकरण की बेवसाइट
www.kdaindia.co.in या एचडीएफसी की नगर की किसी भी शाखा में जाकर आवेदन कर सकते हैं।
पीएम आवास योजना में ऑनलाइन आवेदन करने में लोगों को आने वाली दिक्कतें दूर करने के लिए केडीए पोर्टिको के बगल में हेल्प डेस्क बनाई गई है। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने फीता काटकर इसकी शुरुआत की। जवाहरपुरम आवासीय योजना के सेक्टर-1 में 3072 भवन और शताब्दी नगर योजना में 4800 भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। वीसी के अनुसार जो लोग पीएम आवास योजना (शहरी) के पात्र हैं, वे एचडीएफसी बैंक की नगर की किसी भी शाखा से 5000 रुपये आवेदन शुल्क सहित आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए जरूरी कागज
आवेदन करते समय पति या पत्नी का आधार कार्ड (अविवाहित हों तो माता या पिता का आधार कार्ड), पासपोर्ट साइज की फोटो, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, बैंक खाते का विवरण, मोबाइल नंबर आदि होना चाहिए। आवेदन संबंधी सभी नियम, शर्तें केडीए की वेबसाइट में भी उपलब्ध है।
डिमांड के आधार पर रेरा में पंजीकरण कराते हुए आवंटन की कार्रवाई की जाएगी। कोई भी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं होगा। कार्यक्रम में अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा, मुख्य अभियंता चक्रेश जैन, वित्त नियंत्रक वीके लाल, संयुक्त सचिव केके सिंह, विशेष कार्याधिकारी आलोक कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता आशु मित्तल, एचडीएफसी बैंक के विनीत श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।