दुष्कर्म का शिकार हुई नाबालिग पीड़िता ने शुक्रवार को एम्बुलेंस में नवजात को जन्म दिया। परिजन उसे देर शाम प्रसव पीड़ा होने पर प्राइवेट एम्बुलेंस से सीएचसी लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में महिला चिकित्सक न होने पर उसे हैलट कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में नाबालिग ने एम्बुलेंस में ही बच्चे को जन्म दिया।
उसे वापस सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से हालत नाजुक होने पर नवजात को हैलट भेजा गया है। थाना क्षेत्र के मैधरी गांव निवासी 16 वर्षीय नाबालिग को पड़ोस की ही रहने वाली सहेलियों ने झांसा देकर अपने घर बुलाया था।
जहां पर पहले से मौजूद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बदहवास हालत में घर पहुंची पीड़िता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों के साथ थाने पहुंची नाबालिग पीड़िता ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी अभी जेल में है।
इधर, नाबालिग गर्भवती हो गई। शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे प्राइवेट एम्बुलेंस से सीएचसी घाटमपुर लेकर आए जहां उसे महिला चिकित्सक न होने की बात कर हैलट रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था न हो पाने के चलते प्राइवेट एम्बुलेंस से ही उसे लेकर कानपुर जाने लगे। नाबालिक ने एम्बुलेंस में ही बच्चे को जन्म दिया।
उसे आनन फानन में वापस सीएचसी लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नवजात को गंभीर हालत में हैलट भेजा गया है। सीएचसी अधीक्षक कैलाश चंद्रा से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।