बैठक में मौजूद चेयरमैन, ईओ और नगर के व्यापारी।
- फोटो : ORAI
कदौरा(जालौन)। कस्बे में नगर पंचायत के अतिक्रमण हटाओ अभियान से हड़कंप है। बुधवार को तकरीबन आधा सैकड़ा दुकानदारों ने नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी(ईओ) से मिल कर दीपावली तक अतिक्रमण अभियान न चलाए जाने की मांग की।
नगर के बाजार में जगह-जगह दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने दुकानदारों को नोटिस भेजकर कब्जे हटाने के निर्देश दिए थे। दुकानदारों ने कब्जा नहीं हटाया था। इस पर मंगलवार को नगर पंचायत टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कई दुकानदारों के छज्जे और टिनशेड हटा दिए। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। बुधवार को आधा सैकड़ा दुकानदारों ने अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार व चेयरमैन मोहम्मद जमीर आलम से मुलाकात की। इन्होंने दीपावली तक अभियान को स्थगित करने की गुजारिश की।
व्यापारियों की मांग पर ईओ ने कहा कि अगर व्यापारी दीपावली के बाद खुद अतिक्रमण हटा लें तो अभियान को टाला जा सकता है। इस पर व्यापारियों ने सहमति जताई। इस मौके पर मनोज सोनी, रमेश चंद्र, हामिद, प्रशांत गुप्ता, संजीव गुप्ता, अब्दुल गनी, जयेश पुरवार आदि लोग मौजूद थे।