हादसे के बाद रोते बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट मुख्यालय के शंकर बाजार बाईपास मार्ग पर खंडहरनुमा कुटी आश्रम का चबूतरा भरभरा कर ढह गया। इससे मलबे में दबकर वहीं खेल रही दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि पांच बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। एक बालिका की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रेफर किया गया है। डीएम-एसपी ने मौके पर जाकर राहत कार्य का जायजा लिया।
कोतवाली क्षेत्र में यह आश्रम पीली कोठी कुटी नाम से है। आश्रम की जमीन पर विवाद के चलते कई सालों से यहां कोई नहीं रहता। देखरेख न होने से आश्रम खंडहर में तब्दील हो चुका है। इसके पास ही कई खटिक परिवार रहते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार की शाम आश्रम के बाहर बच्चे खेल रहे थे। अन्य कई लोग आश्रम के बाहर बने जर्जर चबूतरे पर बैठे थे।
इस दौरान चबूतरा भरभरा कर ढह गया। बच्चे और कई लोगों के मलबे मेें दबते ही चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पाते ही जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी, एसपी प्रताप गोपेंद्र भी पहुंच गए। जेसीबी की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया।
तब तक खुशबू (7) पुत्री नानबाबू और फुइया (12) पुत्री जंगी की मौत हो चुकी थी। घायलों में प्रिया (5) ज्योाति (4), रीशू (8) पुत्री नानबाबू, कल्ली (45 ) पत्नी कुंज बिहारी, छोटू (8) पुत्र लल्लू, महिमा (8) पुत्री मही, चुन्नी (45) पुत्र मिठवा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल महिमा को इलाहाबाद रेफर किया गया है। डीएम ने बताया कि जर्जर व पुराना स्थान होने के कारण बारिश में चबूतरा धंसने से हादसा हुआ है। मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।
-मलबे में दबकर पांच बच्चों समेत सात लोग घायल
-एक की हालत गंभीर, डीएम-एसपी मौके पर पहुंचे