हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर सैरपुर-मूसेपुर गांव के पास डीसीएम व कंटेनर में भिड़ंत हो गई। हादसे में डीसीएम चालक की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हादसे के के बाद कंटेनर चालक मौके से भाग निकला।
हाथरस जिले के थाना सिकंदरा राऊ के देवर सनाथर गांव निवासी ओमवीर सिंह (21) पुत्र अरब सिंह डीसीएम चालक था। शनिवार को वह गांव के ही साथी वीरेश (20) पुत्र भूरे के साथ डीसीएम में सब्जी लादकर लखनऊ बाजार जा रहा था। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर सैरपुर-मूसेपुर गांव के पास विपरित दिशा से आ रहे कंटेनर से सामने से भिड़ंत हो गई।
इसमें डीसीएम चालक ओमवीर सिंह व साथी वीरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को स्वास्थ्य केंद्र लाई। यहां डाक्टर ने ओमवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि वीरेश का इलाज जारी है। घायल वीरेश के बताए मोबाइल नंबर पर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मृतक ओमवीर तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। अभी उसका विवाह नहीं हुआ था। बेटे की मौत पर मां ज्ञानवती के अलावा अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल थे। कोतवाली प्रभारी हनुमंत प्रसाद पांडेय ने बताया कि मृतक के पिता ने कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
-लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर सैरपुर-मूसेपुर गांव के पास हुआ हादसा
-घटना के बाद भाग निकला कंटेनर चालक, मृतक हाथरस जिले का निवासी था
अमर उजाला ब्यूरो