जहरीली शराब से मौत के बाद बिलखते परिजन
घाटमपुर भीतरगांव के साढ़ कस्बे के सुखइयापुर गांव में जहरीली शराब पीने से हुई दो लोगों की मौतों के मामले में एसएसपी अनंत देव ने घाटमपुर थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह राठौर को भी निलंबित कर दिया।
साढ़ चौकी प्रभारी और दो बीट सिपाहियों को शनिवार देर रात निलंबित कर दिया गया था। रविवार को लखनऊ से आबकारी विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर जांच की और सबूत जुटाए। शुक्रवार शाम गांव के राहुल यादव की परचून की दुकान से खरीदी गई देसी शराब पीने से कुछ लोगों की हालत बिगड़ गई थी।
अस्पताल में वीरेंद्र यादव और शिवशंकर यादव की मौत हो गई थी, जबकि चार का इलाज अभी चल रहा है। जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी राहुल यादव, उसका भाई राजू और चाचा सुरेश अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस ने उनके करीबियों और परिवार की महिलाओं हिरासत में लिया है। घाटमपुर कोतवाली में पूछताछ की जा रही है।