गोविंद नगर थाना क्षेत्र के दबौली वेस्ट से 28 सितंबर की शाम लापता हुई एलएलबी छात्रा की मौत के मामले में शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गए। शाम करीब 5:15 बजे पोस्टमार्टम पूरा होने के करीब तीन घंटे बाद तक परिजन शव लेने को तैयार नहीं हुए। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पोस्टमार्टम हाउस में पुलिस से उनकी बहस भी हुई। परिजन का कहना था कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करेंगे।
http://
छात्रा का शव शुक्रवार को कानपुर-झांसी रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में मिला था। परिजन ने छात्रा के कानपुर देहात के पुखराया निवासी दोस्त ओमवीर पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि छात्रा के लापता होने के बाद गोविंद नगर और दादानगर फैक्टरी एरिया चौकी पुलिस ने तलाश में गंभीरता नहीं दिखाई। परिजनों के मुताबिक उन्होंने खुद सीसीटीवी फुटेज खंगाली और रेलवे लाइन के आसपास तलाश शुरू की। शुक्रवार को रेलवे लाइन के पास छात्रा की चप्पल मिली। पुलिस को सूचना देने के बाद मौके पर पहुंचकर तलाश की गई तो झाड़ियों में छात्रा का शव मिला।