भरथना। मोहल्ला ब्रजराज नगर के एक युवक की गुजरात में मौत हो गई। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन गुजरात के लिए रवाना हो गए। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
भरथना के मोहल्ला बृजराज नगर का निवासी आशीष यादव (34) कुछ समय से गुजरात के गांधीनगर के पास प्राइवेट नौकरी करता था। परिजनों को सोमवार रात आशीष की मौत की खबर मिली। आशीष के पिता सुभाष चंद्र यादव बृजराज नगर में पब्लिक स्कूल चलाते थे। स्कूल कुछ समय पहले बंद हो चुका है। आशीष के परिवार में माता पिता के अलावा दो बहनें और एक छोटा भाई है। इनमें से बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। जबकि आशीष की अभी शादी नहीं हुई थी।
युवक का शव बुधवार सुबह तक भरथना पहुंचेगा। मृतक क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव का मूल निवासी था। परिजनों ने बताया कि कुछ पारिवारिक समस्याओं के चलते युवक कुछ समय से तनाव में रहता था। वह शराब पीने का आदी भी हो गया था। परेशानियों के बीच रोजगार की तलाश में वह गुजरात गया, जहां उसकी मौत हो गई।
चाचा राकेश यादव ने फिलहाल घटना की वजह स्पष्ट नहीं होने की जानकारी देते बताया है कि भतीजा आशीष लगभग पांच माह पहले रोजगार की तलाश में गुजरात निवासी रिश्तेदार के घर गया था। वह प्राइवेट कंपनी की गाड़ी चलाता था।