यूपी के हमीरपुर में साले के अंतिम संस्कार से लौट रहे बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। उसकी पत्नी भी घायल हो गई। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां डाक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ कर पीटा और कोयले से लदे ट्रक में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर सीएचसी में भर्ती कराया है और आग पर काबू पाया गया।
पत्नी के साथ गांव आया था
ट्रक चालक को सीएचसी ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
महोबा के चरखारी थाने के धनावन गांव निवासी बृजकिशोर (40) पुत्र मातादीन लोधी की ससुराल मझगवां थाने के गिरवर गांव में है। रविवार को उसके साले हरीसिंह का निधन हो गया था। उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने बृजकिशोर अपनी पत्नी जयदेवी और बड़े भाई परमेश्वरी दयाल व भाभी सावित्री के साथ गिरवर गांव आया था। दोनों लोग अलग-अलग बाइक से थे। अंतिम संस्कार के बाद बृजकिशोर अपनी पत्नी जयदेवी के साथ बाइक से गांव जा रहा था। तभी शाम करीब साढे़ चार बजे राठ-महोबा मार्ग पर थाना मझगवां में गिरवर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
ग्रामीणों ने कोयले से लदे ट्रक में आग लगा दी
घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
हादसे में बृजकिशोर और उसकी पत्नी जयदेवी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पनवाड़ी ले जाया गया। जहां बृजकिशोर की मौत हो गई। उसकी मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक सुखविंदर सिंह पुत्र महेंदर सिंह निवासी बराडा हरियाणा को पकड़ कर पीटा। इसके बाद ग्रामीणों ने कोयले से लदे ट्रक में आग लगा दी। जिससे ट्रक जलने लगा। सूचना पर पहुंचे कोतवाल पीके पांडेय, एसओ पनवाड़ी बलवीर सिंह, मझगवां एसओ ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। दमकल ने आग बुझाई। ट्रक चालक सुखविंदर को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
घायल ट्रक चालक सुखविंदर सिंह ने बताया कि वह कटनी से ट्रक में कोयला लादकर यमुना नगर जा रहा था। बताया बाइक सवार अचानक सड़क पर आ गया और दुर्घटना हो गई।