जिला अस्पताल मेें मृतक नीरज के बड़े भाई राजन से जानकारी करते नरायनपुर चौकी इंचार्ज
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र की इंडियन ऑयल चौकी क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक प्राइवेट टूरिस्ट बस से अहमदाबाद से बीमारी की हालत में भाई व अन्य परिजनों के साथ अपने घर जा रहे जिला मऊ निवासी एक युवक की हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने युवक को चिंताजनक हालत में ५० शैय्या युक्त जिला अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में डॉक्टरों ने मृतक व उसके साथ पहुंचे चार अन्य युवकों का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया। उत्तर प्रदेश के मऊ जिला के गांव हैबटपुर निवासी नीरज पुत्र वीरेंद्र राजभर बीमारी की हालत में अपने बड़े भाई राजन राजभर, राजन का साला मत्युंजय पुत्र मुन्ना राजभर निवासी अहिरौली थाना मधुवन जिला मऊ, मामा के पुत्र अजय पुत्र अमरनाथ निवासी गांव कीर्तूपुर पटनारी थाना उभान जिला बलिया के साथ 18 मई की शाम लगभग आठ बजे अहमदाबाद से अपने घर प्राइवेट टूरिस्ट बस से निकले थे।
मंगलवार की रात लगभग 11 बजे जैसे ही उनकी बस औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र की इंडियन ऑयल चौकी क्षेत्र में पहुंची ही थी कि तभी अचानक से नीरज की तबियत बिगड़ गई। इस पर नीरज के भाई राजन व अन्य परिजनों ने गाड़ी रुकवाकर नीरज को तत्काल 50 शैय्या युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही नरायनपुर चौकी इंचार्ज सुधीर भारद्वाज ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।