दवा की गोली भी जिंदगी छीन सकती है। महोबा के इमलीपुरा में एक मासूम बच्चे के साथ कुछ एसा ही हुआ। एक पांच साल के मासूम बच्चे ने एक दवा की बड़ी गोली निगली तो गोली उसके हलक से चिपक गई। देखते ही देखते उसकी सांसे थम गईं। घटना के बाद गांव मोहल्ले में मातम छा गया है। अचानक एसी घटना से सभी अचंभित हैं।
मोहल्ला इमलीपुरा निवासी राजू सिंह ताला-चाभी बनाने का काम करते हैं। घर पर पत्नी और पांच बेटे विपिन, शिवम, आशीष, बऊवा, लाला थे। तीसरे नंबर का बेटा आशीष (5) रविवार सुबह नाले में गिर गया। सिर पर चोंट आने पर राजू ने उसे कस्बे के प्राईवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद दवा देकर डॉक्टर ने उसे घर भेज दिया।
घर पर दवा खाते समय गोली बड़ी होने के चलते आशीष के गले में फंस गई। पानी पिलाने और गर्दन में ठोंकने के बाद भी गोली अंदर नहीं गई तो तुरंत उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव घर ले आए।
मामले में जिला अस्पताल के चाइल्ड स्पेशलिस्ट आरपी मिश्रा कहते हैं कि श्वास नली में गोली फंसने से बच्चे की मौत हो गई होगी। आहारनली फ्लेक्सिबल होती है। छोटे बच्चों को कोई भी बड़ी चीज गटकने नहीं देना चाहिए। संभवत: एसे मामले कम होते हैं। फिर भी परिजनों को विशेष ध्यान देना चाहिए।