बलवंत के शरीर पर मिलीं 22 चोटें
कानपुर में देर रात पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें बलवंत के शरीर पर 22 चोटें पाई गईं हैं। मंगलवार देर रात शव लेकर परिजन गांव पहुंचे, तो कोहराम मच गया। पूरी रात परिजनों की रोने बिलखने की आवाजें गूंजती रही। बुधवार को सुबह शव का अंतिम संस्कार करने से परिजनों ने इनकार कर दिया।
उन्होंने मांग रखी की सीएम योगी आदित्यनाथ गांव आएं। आरोपी पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी की जाए। मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और मां और पिता को भरण पोषण के लिए एक करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाए। इसके साथ ही सुनियोजित हत्या पर रिटायर्ड जज की देखरेख वाली कमेटी से जांच की मांग की।
एडीएम प्रशासन और एएसपी को यह मांग पत्र दिया गया। इसके बाद करीब साढ़े ग्यारह बजे डीएम नेहा जैन व एसपी सुनीति लालपुर सरैया गांव पहुंची और बंद कमरे में परिजनों से वार्ता शुरू की। फिलहाल परिजन अपनी मांग पर अड़े हैं।
मृतक के परिजनों को चार लाख का चेक और नौकरी का आश्वासन
बता दें कि मृतक के परिजनों से सांसद देवेंद्र सिंह भोले भी पहुंचे। परिजनों का चार लाख रुपये देने और नौकरी का आश्वासन दिया गया है। वहीं, माहौल की संवेदनशीलता को लेकर गांव में कई एसडीएम और कई थाना का पुलिस बल तैनात है। गांव के बाहर पीएससी बल की तैनाती की गई है।