कानपुर देहात। अकबरपुर के अशोक नगर में बीमार चल रही एक वृद्धा की तबियत गुरुवार सुबह बिगड़ गई। खून की उल्टियां होने के बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर सीएचसी प्रभारी टीम के साथ पहुंचे और कोरोना के शक में लार का नमूना लिया। मृतका के परिजनों को होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
किसी ने गुरुवार सुबह कस्बा चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय को 75 वर्षीय एक वृद्धा के बीमार होने की सूचना दी। इस पर उन्होंने सीएचसी अकबरपुर के प्रभारी डॉ. आईएच खान को अवगत कराया। कुछ ही देर में सीएचसी प्रभारी लैब टेक्नीशियन अजय कुमार और अन्य कर्मियों के साथ पहुंचे। इससे पहले वृद्धा की मौत हो गई।
संदिग्ध हालत में मौत मानते हुए लैब टेक्नीशियन ने नमूना लिया। मृतका के पति व बेटे ने डॉक्टर को बताया कि वृद्धा को खून की उल्टियां हुई थी। वह काफी दिनों से बीमार थीं। इधर शाम को बस्ती के कब्रिस्तान में शव दफन कर दिया गया। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने तक परिजनों को होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है।