फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज में कंपिल निवासी बार एसोसिएशन अध्यक्ष पर भूमि विवाद की रंजिश में छह से अधिक लोगों ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस व परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
कंपिल निवासी राघव चंद्र शुक्ला मुंसिफ कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। शनिवार सुबह वे घर से कोर्ट जा रहे थे। रास्ते में गोशाला के पास उनका बटाईदार खेत जोत रहा था। पड़ोसी खेत मालिक नन्हें व नत्थू ने उसे खेत जोतने से रोका।
वहां से गुजर रहे अधिवक्ता राघव शुक्ला को बटाईदार ने बताया तो वे भी रुक गए। दोनों पक्षों में गालीगलौज हुआ तो राघव पर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला करने के साथ फायरिंग कर दी। इससे वे लहूलुहान हो गए और बेहोश होकर गिर पड़े।
हमलावर भाग गए। घायल राघव को पुलिस व परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें लोहिया अस्पताल और फिर हालत में सुधार न होने पर सैफई रेफर कर दिया गया। अधिवक्ता के भाई राहुल शुक्ला ने बताया कि उनके व पड़ोसी के खेत के बीच मे चकरोड था।
उसकी पैरवी कर चकरोड की पैमाइश करा दी थी। विपक्षी इसी से रंजिश मानते हैं। शनिवार को बटाईदार खेत जोत रहा था। विपक्षी विरोध कर रहे थे। कोर्ट जा रहे भाई ने रुककर कारण पूछा तो धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
फायरिंग भी कर दी। अभी भाई का इलाज करा रहे हैं बाद में तहरीर देंगे। कंपिल पुलिस ने आरोपी नन्हें को हिरासत में ले लिया है। उसे भी चोट लगी हैं। उसने बताया कि खेत अधिवक्ता के परिवार से खरीदा था। अब वे उसके खेत पर कब्जा करना चाहते हैं।
इस पर विवाद हुआ और उसके साथ मारपीट की गई। कंपिल थाने के प्रभारी निरीक्षक जेपी यादव ने बताया कि घायल अधिवक्ता की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एंबुलेंस आने में देरी पर अधिवक्ताओं का हंगामा
घटना के बाद जब अधिवक्ता राघव शुक्ला सीएचसी पहुंचे तो सूचना पर मुंसिफ कोर्ट से साथी अधिवक्ता पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। इमरजेंसी सेवा की एंबुलेंस के चालक को अधिवक्ताओं ने फोन किया।
इस पर चालक ने कहा कि अभी थोड़ी देर में पहुंच रहे हैं जबकि एंबुलेंस सीएचसी पर ही खड़ी थी। इस पर अधिवक्ताओं ने हंगामा किया। बाद में चालक की तलाश कर घायल राघव को एंबुलेंस में लिटाया। इसके बाद चालक एंबुलेंस लेकर गया। वकीलों का कहना था इमरजेंसी सेवा की एंबुलेंस सीएचसी पर खड़ी थी। फिर भी चालक टालमटोल कर रहा था।
साथी पर हमले के विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहे वकील
बार अध्यक्ष पर हमले की सूचना पर सचिव शफीक खां, उपाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, बिलाल गौस खां, सर्वेश चंद्र यादव, अनूप भोजवाल, जव्बाद अली, अनिल कुमार, गोपाल पाठक, परम मिश्रा, शहंशाह खां आदि कई साथी अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद सचिव की सूचना पर मुंसिफ कोर्ट के सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग
जिला बार एसोसिएशन महासचिव संजीव पारिया ने जिला जज व जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। इसमें कहा गया कि इन दिनों अधिवक्ताओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मुंसिफ कोर्ट बार कायमगंज के अध्यक्ष राघव शुक्ला पर हमले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
साथ ही न्यायिक कार्य से विरत रहकर अधिवक्ता उमेश यादव पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा यदि जल्द ही कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को अग्रिम रणनीति बनाई जाएगी।