जालौन के एट में मामा के लड़के की शादी में आए फुफेरे भाई का अर्धनग्न शव संदिग्ध हालात में विवाह स्थल के सामने बने एक दूसरे गेस्ट हाउस के बाहर पड़ा मिला। सुबह राहगीरों ने शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और शव की जांच पड़ताल की। बाद में पता चला कि यह युवक रात में शादी में आया था।
थाना प्रभारी अरुण तिवारी ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। एट कस्बा निवासी फारूक मंसूरी के बड़े पुत्र उस्मान अहमद की शादी धमसैनी निवासी राजू कोटेदार की पुत्री शमा से तय हुई थी।
उस्मान की बारात शनिवार रात लगभग आठ बजे उसके घर से राधिका गार्डन एट के लिए रवाना हुई थी जिसमें उसकी बुआ का बेटा इस्माइल (43) पुत्र गुलशेर निवासी संधी थाना आटा हाल पता निवासी कमर्धा छत्तीसगढ़ भी शामिल हुआ था। वह बैंड बाजे की धुन पर नाचता हुआ रात को विवाह स्थल पर पहुंचा जहां पर उसने सभी बारातियों के साथ नाश्ता करने के बाद खाना खाया।
इसके बाद शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद सुबह तीन बजे के आसपास विदा होकर वर पक्ष के लोग बहू को लेकर घर आ गए। इस दौरान किसी भी बाराती या परिजन ने इस्माइल को घर पर आते नहीं देखा । रविवार सुबह विवाह स्थल के सामने बने दूसरे गेस्ट हाउस लक्ष्मी नारायण पैलेस के सामने संदिग्ध हालात में अर्धनग्न अवस्था में उसका शव पड़ा मिला।
क्षेत्रीय लोगों व राहगीरों ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी की तो पता चला कि वह रात में शादी में आया था। इस्माइल की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली तो वहां कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि इस्माइल कमर्धा छत्तीसगढ़ में परिवार सहित रहकर ऑटो चलाता था। उसके दो बेटियों खुशबू व अलीसा है।
सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे थाना प्रभारी ने जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि शादी में शामिल लोगों ने पूछताछ में बताया कि युवक ने जमकर शराब पी थी और डांस भी किया था। गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।