यूपी के उन्नाव जिले में अजगैन कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हाईवे किनारे एक युवक की हत्या कर फेंका गया शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद से तफ्तीश की। सिर में पीछे और दोनों आंखों के पास किसी नुकीले हथियार से वार के निशान मिले हैं। स्निफर डॉग करीब दो सौ मीटर दूर हाईवे तक गया। मृतक के पास कुछ भी न मिलने से पुलिस को योजना बनाकर लूटपाट के लिए हत्या किए जाने का शक है। मरने वाला किसी वाहन का चालक भी हो सकता है।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर लखनऊ की ओर जाने वाली लेन से 200 मीटर की दूरी पर करीब 28 वर्षीय युवक की हत्या करके शव फेंक दिया गया। अजगैन कोतवाली के गांव जगदीशपुर के निकट इसी गांव के राकेश के खेत में शव पड़ा देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल अनिल सिंह, सीओ हसनगंज डा. भीम कुमार गौतम मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और डाग स्क्वॉड को बुलाया गया।
जांच में पता चला कि सिर में पीछे की तरफ नुकीले औजार के दो वार करके हत्या की गई है। दाहिनी आंख के नीचे एक और बाई आंख के पास भी तीन वार किए गए हैं। सुबह करीब 9 बजे पहुंची पुलिस ने आशंका जताई कि करीब दस घंटे पहले हत्या की गई होगी।