यूपी के बांदा जिले में पांच महीने की बच्ची को अपने आंचल में समेट कर युवती ने खुद को आग लगा ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बुरी तरह झुलस गई बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग बुझाने में पति भी झुलस गया। पति के मुताबिक 50 हजार रुपये और कुछ जेवर भी आग में जल गए।
जसपुरा थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव में रविवार को देर शाम फूलन देवी (25) पत्नी क्रांति ने अपनी पांच महीने की पुत्री नैना को गोद में बैठाकर खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डाला और आग लगा ली। पति पड़ोस की एक दुकान से गुटखा लेने गया था। ससुर ललतू घर के बाहर बैठा था। तीन वर्षीय पुत्र दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान महिला ने 5 महीने की बच्ची को गोद में लेकर आग लगा ली। आग की लपटों से आसपास रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
इस बीच भागकर आए पति और पड़ोसियों ने आग बुझाई। तब तक फूलन देवी की मौत हो चुकी थी। आग बुझाने में पति क्रांति के भी दोनों हाथ झुलस गए। वह झुलसी बच्ची को लेकर देर रात जिला अस्पताल पहुंचा।