यूपी के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे किनारे बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रे कलर का सूट व प्लाजो पहने महिला के हाथ में चूड़ियां और मेहंदी भी लगी थी। गले में रस्सी कसी थी। फोरेंसिक टीम को मौके से ही खून से सनी पानी की बोतल भी मिली। चेहरे-मोहरे से महिला के किसी संभ्रांत परिवार की होने का अनुमान है।
पुलिस फिलहाल टोल प्लाजा पर सीसीटीवी के फुटेज और मौका-ए-वारदात पर मोबाइल फोन की लोकेशन का सहारा लेकर शिनाख्त के प्रयास में लगी है। पुलिस के मुताबिक सत्तार और पट्टी गांवों के बीच एक्सप्रेस-वे पर आगरा जाने वाली लेन के किनारे सुबह स्थानीय लोगों ने करीब 35 वर्षीय महिला का शव देखा। शरीर पर कई जगह धारदार हथियार के घाव थे।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह का कहना है कि हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया है। प्रथम दृष्टया हत्या रस्सी से गला दबाकर और चाकुओं से गोदकर की गई लगती है। हत्या में दो चार लोग शामिल हो सकते हैं। दुष्कर्म की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।