भीतरगांव (कानपुर)। बीते मंगलवार को साढ़ कस्बे के रामशाला पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित रामलीला के दौरान भोजपुरी गीत पर नृत्य कर रही नर्तकी को मंच पर जाकर इनाम देने के विवाद में जमकर मारपीट हुई। झगड़े में तीन युवकों को चोटें आई हैं। वहीं, मारपीट होने से दर्शकों में अफरातफरी मच गई और रामलीला का मंचन बंद कर दिया गया। इधर, देरशाम साढ़ पुलिस ने रामलीला कमेटी के सदस्य संजीव कुमार की ओर से गोलू अवस्थी, राजेश शुक्ला और सतीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच सबइंस्पेक्टर दयाशंकर करेंगे।
पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर में दिन में सुंदरकांड पाठ और रात्रि में रामलीला का आयोजन किया गया था, जिसमें नाच-गाना चल रहा था। नर्तकी मंच पर भोजपुरी गीत गाकर नृत्य कर रही थी। तभी, पड़ोसी गांव देवसढ़ निवासी युवक और उसका साथी बार-बार मंच पर पहुंचकर नर्तकी को उसके हाथ पर इनाम देने लगा। आयोजकों ने विरोध किया, जिससे उनके बीच विवाद शुरू हो गया। आयोजकों ने उस युवक और उसके साथियों की।
मारपीट और झगड़े के बाद रामलीला का मंचन बंद हो गया। इधर, झगड़ा करने वाले युवक भी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। वहीं, साढ़ चौकी पुलिस मामले को गुरुवार की दोपहर तक दबाए रही। लेकिन, इसी दौरान रामलीला में झगड़े का वायरल सोशल मीडिया पर वायरल हो जाने से पुलिस को भी सक्रिय होना पड़ा। साढ़ चौकी के कार्यवाहक प्रभारी राजकुमार मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की रही है। बताया कि अभी किसी ने तहरीर भी नहीं दी है, यदि तहरीर मिली है तो मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।