झींझक (कानपुर देहात)। कन्नौज से मंगलपुर के मुबारपुर स्थित बहन के घर आने के लिए निकले युवक का शव शनिवार सुबह कंचौसी कैनाल रोड किनारे पड़ा मिला। उसके पैरों में चोट के निशान थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कंचौसी कैनाल रोड पर नहर कोठी के पास शनिवार सुबह लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पैंट की जेब में मिले मोबाइल की मदद से शव की शिनाख्त कर जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे मुबारकपुर निवासी जलज ने शव की शिनाख्त कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र के जय सिंह का पुरवा निवासी साले मोहित (30) के रूप में की। बताया कि मोहित मजदूरी करते थे। वह शनिवार तड़के मुबारकपुर आने के लिए घर से निकले थे।
झींझक चौकी प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक का एक पैर टूटा होने से हादसे में जान जाने की आशंका है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच व तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।