सीएम की पैरवी पर सउदी अरब से आ सका युवक का शव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पैरवी पर चार माह बाद युवक का शव सऊदी अरब से गांव आ सका। बेटे का शव देखते ही मां की चीत्कार सुन लोगों का कलेजा बैठ गया। 29 जनवरी को मां ने बेटा को तिलक लगाकर सऊदी अरब भेजा था।
लेकिन जाने के 35 दिन बाद बेटे के मरने की खबर मिली। चार माह के लंबे संघर्ष के बाद बेटे का शव गांव पहुंचा। थरियांव थाना क्षेत्र के चक कोर्रा सादात गांव के रहने वाले सुखराम डाक विभाग में पोस्टमैन हैं। इन्होंने अपने बेटे संदीप को सऊदी अरब में ड्राइविंग के लिए भेजा था।
लेकिन संदीप ने पहुंचने पर बताया कि उससे बकरी चराने का काम लिया जा रहा है। वीडियो कॉल करके मालिक से प्रताड़ित किए जाने की बात बताई थी। चार अप्रैल को संदीप के एक अन्य साथी ने उसके मरने की सूचना दी थी।
पिता सुखराम और भाई सर्वेश शव लाने के लिए डीएम संजीव सिंह, सदर विधायक विक्रम सिंह, सांसद निरंजन ज्योति से मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी से मिले। इसके बाद शव लाने के लिए एंबेसी से संपर्क किया गया।