यूपी के कन्नौज जिले में घर के पीछे तालाब किनारे झाड़ियों में बोरे के अंदर नग्न अवस्था में लापता युवती की दूसरे दिन लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर युवती की हत्या को अंजाम उसी के घर में दिया गया है। पुलिस ने घर से खून लगी कुल्हाड़ी बरामद कर ऑनर किलिंग की शंका जाहिर करते हुए मृतका के एक भाई को हिरासत में ले लिया है।
तिर्वा कस्बा के दुर्गानगर निवासी विजय कुमार मिश्रा अपने दो बेटे अजय मिश्रा और संजय मिश्रा व 28 वर्षीय बेटी आभा मिश्रा के साथ रहते थे। शनिवार को विजय मिश्रा गुरसहायगंज में एक रिश्तेदार के यहां तेंहरवी संस्कार गए थे। जबकि अजय मिश्रा कन्नौज आया था।
शाम को जब विजय कुमार मिश्रा और अजय मिश्रा घर पहुंचे तो, आभा घर से गायब मिली। इस पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। दूसरे दिन रविवार शाम करीब चार बजे अजय मिश्रा ने घर के पीछे तालाब की झाड़ियों के किनारे बोरा देखा। जिसके अंदर बहन का शव होने की संभावना जाहिर कर तिर्वा कोतवाल आमोद कुमार सिंह को मामले की जानकारी दी।