कन्नौज के छिबरामऊ में फायर स्टेशन के सामने खेत में एक युवक का शव पड़ा होने से हड़कंप मच गया। युवक दोपहर में किसी काम से अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। युवक के परिजनों ने पड़ोस गांव के युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपी युवक की तलाश में पुलिस जुटी है।
गुरुवार दोपहर ग्राम नगला बरी थाना विशुनगढ़ निवासी चंदन राजावत (28) पुत्र शेर सिंह अपनी बाइक से किसी को से निकला था। दोपहर बाद उसका शव फायर स्टेशन के पास मुकुंदी दीक्षित के खेत में पड़ा मिला। शव के पास में ही युवक की बाइक भी पड़ी हुई थी। मामले की जानकारी पाकर सीओ शिव कुमार थापा, प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा, मंडी चौकी इंचार्ज राजा दुबे मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में चंदन के परिजन भी आ गए। चंदन के शव पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।