इटावा जिले में इकदिल थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात छह साल की बच्ची का शव पड़ोसी के शौचालय के टैंक में मिला। दुष्कर्म की आशंका में मानकों की अनदेखी होने पर शव लेकर घर लौट रहे परिजनों को पुलिस ने रास्ते में रोककर दोबारा पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस का कहना है कि बच्ची से दुष्कर्म की आशंका थी। पहली बार पोस्टमार्टम में पुष्टि के लिए जरूरी जांचें नहीं होने के कारण दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस के मुताबिक एक गांव निवासी मजदूर की छह वर्षीय बेटी रविवार की रात करीब सात बजे घर के पास खेलते समय गायब हो गई थी।
परिजनों ने टार्च की रोशनी में खोजबीन की तो पड़ोसी के शौचालय के टैंक में बच्ची का शव दिखाई दिया। बच्ची के पिता के चीखने चिल्लाने पर ग्रामीणों ने शव टैंक से बाहर निकाला। सोमवार को दोपहर तकरीबन 1:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में एक पुलिसकर्मी ने फोन करके पोस्टमार्टम की कुछ प्रक्रिया अधूरी रहने की बात कहकर उनको वापस बुला लिया। बच्ची के पिता के मुताबिक वे रास्ते से ही शव लेकर फिर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।