फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में दिल्ली से लौटे युवक व अचलगंज थाना क्षेत्र में मजदूर का शव फंदे से लटका मिला। शव देख परिजन बेहाल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है। परिजनों ने आत्महत्या की तहरीर दी है हालांकि वह इसकी वजह नहीं बता सके।
थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव निवासी किशोर त्रिवेदी ने लगभग 8 साल पहले बांगरमऊ में नया मकान बनाया था। इस मकान में उनकी पत्नी मीरा व छोटा बेटा सौरभ रहता है। जबकि किशोर त्रिवेदी अपने 22 वर्षीय बड़े बेटे गौरव के साथ दिल्ली में यूनिवर्सिटी गेट के सामने अपना बुक डिपो चलाते हैं।
लॉकडाउन से पहले 20 मार्च को किशोर त्रिवेदी दिल्ली से वापस अपने बांगरमऊ वाले घर आ गए। जबकि उनका बेटा गौरव पांच दिन पहले दिल्ली से घर बांगरमऊ पहुंचा। मंगलवार शाम गौरव बांगरमऊ वाले घर से अपने पैतृक घर कमलापुर आया था।
बुधवार सुबह बांगरमऊ वाले मकान में रह रहे छोटे भाई सौरभ ने गौरव को फोन मिलाया। कई बार फोन न उठने पर वह बांगरमऊ से गांव कमलापुर पहुंचा। घर के कमरे में छत के कुंडे में भाई गौरवका शव रस्सी से लटका देख वह सन्न रह गया।