घटना के बाद परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव में आसीवन थानाक्षेत्र के उन्नाव-संडीला मार्ग पर मदारीखेड़ा के समीप डीसीएम और ट्रक की भिड़ंत हो गई। इसमें साइकिल से कोचिंग जा रहे दो छात्र ट्रक की चपेट में आ गए। एक की मौके पर ही मौत हो गई। साथी छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। डीसीएम खंती में पलटने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मियागंज सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। क्षतिग्रस्त ट्रक के बीच सड़क पर तिरछा खड़ा होने से जाम लग गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा काटा। मौके पर पहुंचे हसनगंज एसडीएम ने परिजनों को एक बीघा जमीन और मुआवजे का आश्वासन देकर शांत कराया है। पुलिस ने क्रेन से ट्रक हटवाया। तब सात घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। महेंद्र गांव निवासी प्रमोद (15) पुत्र तेजपाल कक्षा दस का छात्र था। शुक्रवार सुबह गांव निवासी अपने साथी रिशू (15) पुत्र सजीवन के साथ अलग-अलग साइकिल से हैदराबाद कोचिंग पढ़ने जा रहा था।
हंगामा करते लोगों को समझाते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव-संडीला मार्ग पर मदारीखेड़ा के सामने धान की बोरियां लादे उन्नाव की ओर जा रहे ट्रक की सामने से आ रही बिस्किट लदी डीसीएम से भिड़ंत हो गई। इन वाहनों की भिड़ंत के दौरान उधर से गुजर रहे साइकिल सवार दोनों छात्र चपेट में आ गए। इसमें साइकिल सवार प्रमोद ट्रक के नीचे आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसी बीच डीसीएम खंती में जाकर पलट गई। ट्रक क्षतिग्रस्त होकर बीच सड़क पर तिरछा खड़ा हो गया।
घटना में दूसरा छात्र रिशू और कानपुर के सुंदरनगर पनकी निवासी डीसीएम चालक राजेंद्र पाल पुत्र रमेशचंद्र घायल हो गए। ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने दोनों घायलों को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया। छात्र की मौत पर सैकड़ों ग्रामीणों ने हंगामा कर मार्ग जाम कर दिया। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। चार थानों की फ ोर्स और एसडीएम हसनगंज प्रदीप कुमार और सीओ यादवेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। परिजनों को एक बीघा जमीन और मुआवजे का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
गश खाकर गिरे माता-पिता
बेटे प्रमोद की मौत पर मां अनीता और पिता गश खाकर गिर गए। पिता की आवाज अटक गई। पिता को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि अचानक बेटे की मौत की सूचना से पिता को आघात पहुंचा है। स्थिति सामान्य होने में थोड़ा समय लगेगा। मृतक दो भाईयों में विपिन से छोटा था। बड़ा भाई दिल्ली में मजदूरी करता है। दो बहनें अर्चना, बबिता का रोकर बुरा हाल हो गया।
एक किमी लंबा जाम
बीच सड़क पर ट्रक के खड़े होने और ग्रामीणों के जाम लगा जाने से उन्नाव-संडीला मार्ग पर यातायात ठप रहा। वाहनों की एक किलोमीटर तक लाइनें लग जाने से जाम लंबा हो गया। बाद में जब पुलिस ने क्रेन से ट्रक हटाया तब करीब सात घंटे बाद मार्ग खुल सका। इस मौके पर पांच थाना हसनगंज, आसीवन, औरास, फ तेहपुर चौरासी व माखी पुलिस मौजूद रही।